Friday, April 3, 2015

श्रीमद्हनुमज्जयन्ती


दारिद्र्य दुखदहनम् विजयं विवादे कल्याणसाधनममंगलवारणम् च।

दाम्पत्य दीर्घसुख सर्वमनोरथाप्तिम श्री मारुतेः स्तवमहो नितरां तनोति।।

विद्या-बुद्धि-चातुर्य के निधान, वेदज्ञों में अग्रगण्य, सर्वशास्त्र-पारंगत, अजेय-असीम पराक्रम के मूर्तरूप, अष्टसिद्धि-नवनिधि के दाता, रामरसायन के एकमात्र ज्ञाता, माता अंजनी तथा माता सीता के लाड़ले, मर्यादा पुरुषोत्तम के अनन्य सखा-भाई-भक्त-सेवक और आर्तजीवमात्र के अनन्य आश्रयस्थल शरणागतवत्सल श्रीहनुमान जी का जन्म कार्तिक कृष्ण चतुर्दशी, मंगलवार को स्वाति नक्षत्र मेष लग्न में हुआ था।

कार्तिकस्यासिते पक्षे भौमे स्वात्यां चतुर्दशी। मेष लग्ने अंजनी गर्भात् प्रादुर्भूतो शिवः स्वयम्।।

कथा है कि, शैशवावस्था में सूर्यग्रहण के कारण कुपित देवराज के वज्रप्रहार से मुर्छित हनुमान को पवनदेव ने दक्षिण में अज्ञात कन्दरा में छुपा दिया था और स्वयम् भी शान्त बैठ गए थे। देवताओं के आशीष से चैत्र पूर्णिमा के दिन हनुमानजी की मुर्छा टूटने पर माता अंजना ने वहाँ पहुँचकर उसी दिन प्रथम बार स्तनपान कराया था। अतः दक्षिण भारत में चैत्र पूर्णिमा ही भगवान के आविर्भाव दिवस के रूप में मनायी जाती है। श्रीहनुमद्भक्तों के लिए दोनों ही दिन महापर्व के रूप में प्रतिष्ठित हैं।

भगवान की शरणागति प्राप्ति के लिए इस दिन ब्राह्ममुहूर्त में उठकर नित्यक्रिया से निवृत होकर हनुमद् पूजन का संकल्प लें। भगवान की प्रतिमा, चित्र, अथवा श्रीरामदरबार को प्रतिष्ठित करें। दिन भर उपवास कर, श्री हनुमत् स्तोत्रों-मंत्रों का पाठ करें। शाम को सूर्यास्त के बाद हाथ में लाल फूल-अक्षत लेकर श्रीहनुमानजी का ध्यान कर हं हनुमते रुद्रात्मकाय हुं फट्का जप करते हुए अर्घ्य, पाद्य और आचमन के लिए गंगाजल निवेदित करें। सामर्थ्य के अनुसार सिंदूर का चोला, लाल वस्त्र, ध्वजा आदि चढ़ाएँ। फिर श्रीहनुमानजी के द्वादश नामों का स्मरण करते हुए,

हनुमान्(1) अंजनीसूनुः(2) वायुपुत्रो(3) महाबलः(4) रामेष्टः(5) फाल्गुनसखः(6) पिङ्गाक्षः(7) अमितविक्रमः(8)।। उदधिक्रमणः(9) चैव सीताशोकविनाशनः(10) लक्ष्मणप्राणदाता(11) च दशग्रीवस्य दर्पहा(12)।।........ तस्य सर्वभयं नास्ति रणे च विजयी भवेत्।। (आनन्द रामायण)

मूंज की जनेऊ, केसर मिला हुआ चन्दन, हज़ारा, गुलाब, कमल, चमेली, लाल-पीले कनेर, गुड़हल आदि के फूल, तुलसीदल अथवा माला, गुगल-धूप-अगरबती, घी का दीपक, गुड़-चना, मीठे रोट, पुए तथा बूँदी के लड्डु का भोग अर्पित करें। हनुमानजी को नारियल और लाल पेड़े का भोग भी लगता है। पूजनोपरान्त मारुतिनन्दन का ध्यान करते हुए अपनी राशि-अनुसार मंत्र जप करें या मंत्र से सम्पुटित सुन्दरकाण्ड का पाठ करें। कपूर तथा कपास की बाती से आरती करें। भगवान की अनन्यकृपापात्रता प्राप्त होगी।

राशि अनुसार सम्पुट-मंत्र

मेष

औत्तानपादिसुखप्रियाय रां रामाय नमः का जप करें

वृष

कोदण्डिने धर्मपालकाय रां रामाय नमः का जप करें

मिथुन

करुणामयविग्रहाय रां रामाय नमः का जप करें

कर्क

कौशल्यागर्भसम्भवाय रां रामाय नमः का जप करें

सिंह

नन्दिकेश्वरपूजिताय रां रामाय नमः का जप करें

कन्या

जानकीप्राणवल्लभाय रां रामाय नमः का जप करें

तुला

त्रैलोक्यवशकारकाय रां रामाय नमः का जप करें

वृश्चिक

दशरथात्मजाय वीराय रां रामाय नमः का जप करें

धनु

गुरुयज्ञाधिपालकाय रां रामाय नमः का जप करें

मकर

पवनात्मजवन्द्याय रां रामाय नमः का जप करें

कुम्भ

रघुनन्दनाय रामभद्राय रां रामाय नमः का जप करें

मीन

शिवार्चिताय वरदाय रां रामाय नमः का जप करें

 

 

 

 

 

Thursday, April 2, 2015

ग्रस्तोदित खण्ड चन्द्रग्रहण- 4 अप्रैल 2015


ग्रस्तोदित खण्ड चन्द्रग्रहण- 4 अप्रैल 2015

(हस्त नक्षत्र यानि कन्या राशि पर)

स्पर्श- अपराह्न 3.45,  मध्य- सायम् 5.30,  मोक्ष- सायम् 7.15

सूतक- ग्रस्तोदित होने के कारण सूर्योदय से मोक्ष तक

राशिफल-

मेष- कार्यसिद्धि में थोड़ा विलम्ब होगा। शत्रुओं की चिन्ता कम होगी। रोगमुक्ति के प्रबल आसार हैं। शिवमहिम्न स्तोत्र का पाठ करें।

वृष- व्यय की अधिकता परेशान करेगी। भागदौड़ बनी रहेगी। संतान की चिन्ता उभरेगी। श्री दुर्गाकवच का पाठ करें.

मिथुन- घरेलू चिन्ताएँ उभरेंगी। यात्रा में हानि की आशंका है। परिजनों का सम्मान मिलेगा। बुं बुधाय नमः का जप करें।

कर्क- कार्यों में संतोषजनक प्रगति। मन उत्साहित रहेगा। पुरुषार्थ में वृद्धि होगी। नवार्णमंत्र का जप करें।

सिंह- निवेश में धोखे की आशंका। व्यावसायिक यात्रा को टालना उचित होगा। रोग पर खर्चे बढ़ने की आशंका। नमः शिवाय का जप करें।

कन्या- शारीरिक कष्ट की आशंका। चोट-चपेट से बचें। अमावस्या तक कर्ज न ही दें और न लें। श्रीगजेन्द्रमोक्ष का पाठ करें।

तुला- व्यर्थ की योजनाओं में धन खर्च होगा। राजकीय कामों में बाधा आएगी। दाम्पत्य सुखमय रहेगा। श्रीविष्णुसहस्रनाम का पाठ करें।

वृश्चिक- आय में वृद्धि के योग हैं। पद-प्रतिष्ठा में बढ़ोत्तरी होगी। गृहसुख में कमी आएगी। गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करें।

धनु- जीवनसाथी से तनाव के आसार। व्यावसायिक भागीदारों से विरोध की आशंका। कार्यस्थल पर संघर्षपूर्ण वातावरण होगा। ऊँ ऐं क्लीं सोमाय नमः का जप करें।

मकर- परिजनों के बीच सम्मान में कमी की आशंका। अधिकारियों के रुष्ट होने के आसार। संतान के सेहत की चिन्ता रह सकती है। अमावस्या तक श्री बजरंगबाण का पाठ करें।

कुम्भ- शत्रुओं की चिन्ता बनेगी। मन आशंका ग्रस्त रहेगा। सड़क पर हड़बड़ी ठीक नहीं होगी। सुन्दरकाण्ड का पाठ करें।

मीन- जीवनसाथी के सेहत की चिन्ता बनेगी। घर में व्यर्थ का मनमुटाव बढ़ेगा। अधीनस्थों का सहयोग बढ़ेगा। ऊँ ऐं श्रीं श्रीं बुधाय नमः का जप करें।